CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में थमी बारिश की रफ्तार, अगले 4-5 दिन मौसम रहेगा शुष्क; रायपुर में 33 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार अब धीमी पड़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। हालांकि, सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 29 सितंबर को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
आज बारिश का कोई अलर्ट नहीं
प्रदेश के किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने आज कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। अगले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कई इलाकों में मौसम रहा शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। सरगुजा और बस्तर जिलों के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। कुसमी और बैकुंठपुर में करीब 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।
मानसून की वापसी के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा आगे बढ़ रही है। वहीं उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। मौसम में इसी बदलाव के कारण प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं।




