इंटरनेशनल न्यूज़। बांग्लादेश की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 17 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। तारिक रहमान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। वे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख हैं और हालिया आम चुनाव में पार्टी की बड़ी जीत के बाद सरकार गठन की तैयारी में हैं। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन बांग्लादेश की अंतरिम सरकार करेगी।
इस विशेष अवसर पर अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने भारत सहित 13 देशों के नेताओं को आमंत्रण भेजा है।
इन देशों को किया गया है आमंत्रित
राजनयिक सूत्रों के अनुसार, आमंत्रित देशों में भारत, चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं। शपथ ग्रहण समारोह संसद के साउथ प्लाजा में आयोजित होगा। बीएनपी ने हाल ही में हुए आम चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है।
बीएनपी ने पीएम मोदी के प्रति जताया आभार
चुनाव में जीत के बाद बीएनपी ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई संदेश के लिए धन्यवाद दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पार्टी ने लिखा कि वह भारत के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है। बीएनपी ने आपसी सम्मान और क्षेत्रीय शांति के आधार पर भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश में बीएनपी की चुनावी जीत पर तारिक रहमान को हार्दिक शुभकामनाएं दी थीं।
गौरतलब है कि 12 फरवरी को बांग्लादेश में आम चुनाव हुए थे। यह चुनाव शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद पहला चुनाव था। इस चुनाव में बीएनपी ने बड़ी जीत दर्ज की, जिसके बाद तारिक रहमान 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। वहीं जमात-ए-इस्लामी मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है।
पीएम मोदी के शामिल होने पर संशय
हालांकि, शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना कम मानी जा रही है, क्योंकि उसी समय फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत दौरे पर होंगे। माना जा रहा है कि भारत की ओर से कोई अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधि इस समारोह में भाग ले सकता है।