Close

आज का इतिहास 17 फरवरी : दिल की धड़कन सुनने के लिए स्टेथोस्कोप बनाने वाले रेने लेने का आज जन्मदिन

Advertisement Carousel

जब भी आप किसी डॉक्टर के पास जाते हैं तो डॉक्टर सबसे पहले स्टेथोस्कोप के जरिए आपके दिल की धड़कन सुनते हैं। पहले ऐसा नहीं होता था। पहले डॉक्टर मरीज के सीने पर अपना कान लगाकर दिल की धड़कन सुनते थे, इससे महिला मरीज काफी असहज होती थी। स्टेथोस्कोप का आविष्कार होने के बाद यह समस्या खत्म हो गई। फ्रांस के रेने लेने ने ही स्टेथोस्कोप का आविष्कार किया था। 1781 में आज ही के दिन फ्रांस के पेरिस में रेने लेने का जन्म हुआ था।



रेने जब 5 साल के थे, तभी उनकी मां गुजर गईं। उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई अपने अंकल की देखरेख में की, लेकिन बाद में उनके पिता ने उन्हें डॉक्टरी की पढ़ाई करने से मना कर दिया। 1799 में रेने ने दोबारा मेडिकल की पढ़ाई शुरू की। पढ़ाई पूरी होने के बाद रेने पेरिस के नेक्कर अस्पताल में काम करने लगे।

एक दिन हुआ ये कि रेने के पास एक महिला अपना इलाज कराने पहुंची। उस समय स्टेथोस्कोप नहीं हुआ करता था, इसलिए डॉक्टर मरीज की छाती पर कान लगाकर उनकी धड़कन सुना करते थे। रेने को ये सब बहुत अजीब लगा। उन्होंने कागज को रोल किया और फिर महिला की धड़कन सुनी। यहीं से उन्हें स्टेथोस्कोप बनाने का आइडिया आया।

रेने ने 1816 में स्टेथोस्कोप का आविष्कार किया। पहला स्टेथोस्कोप लकड़ी का था। इसको लकड़ी का बनाने के पीछे शायद एक वजह ये भी थी कि रेने डॉक्टर होने के साथ-साथ म्यूजिशियन भी थे। उन्हें बांसुरी बजाने का शौक था और बांसुरी की तरह ही उन्होंने स्टेथोस्कोप को डिजाइन किया।

1820 के दशक में रेने के बनाए स्टेथोस्कोप का इस्तेमाल फ्रांस, जर्मनी, इटली और इंग्लैंड में होने लगा। हालांकि, उस समय कुछ डॉक्टर ऐसे भी थे, जो इसका मजाक उड़ाते थे। 1885 में एक डॉक्टर ने कहा था कि जब हमारे पास सुनने के लिए कान हैं, तो फिर स्टेथोस्कोप का इस्तेमाल क्यों करें?

डॉक्टर की पहचान माने जाने वाले स्टेथोस्कोप का आविष्कार करने वाले रेने 45 साल ही जी सके। 13 अगस्त 1826 को उनकी टीबी से मौत हो गई। आज जो स्टेथोस्कोप डॉक्टर इस्तेमाल करते हैं, उसे 1851 में आयरलैंड के डॉक्टर आर्थर लियर्ड ने बनाया था।

भारत और दुनिया में 17 फरवरी की महत्वपूर्ण घटनाएं इस प्रकार हैं:

2014: सऊदी अरब की सोमाया जिबार्ती देश की पहली महिला मुख्य संपादक बनीं। उन्हें ‘सऊदी गजट’ अखबार का मुख्य संपादक बनाया गया।

2009: चुनाव आयोग ने आखिरी चरण की वोटिंग खत्म होने तक एग्जिट पोल जारी करने पर रोक लगा दी।

2005: बांग्लादेश की लेखिका तस्लीमा नसरीन ने भारत की नागरिकता मांगी।

2004: फूलनदेवी हत्याकांड का मुख्य आरोपी श्मशेर सिंह राणा तिहाड़ जेल से फरार।

1997: नवाज शरीफ पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने।

1987: ब्रिटेन में शरण लेने पहुंचे श्रीलंका के कुछ तमिलों ने हीथ्रो एयरपोर्ट पर निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन किया।

1979: चीन की सेना ने वियतनाम पर हमला बोला।

1959: दुनिया के पहले वेदर सैटेलाइट वेनगार्ड-2 को अमेरिका ने लॉन्च किया।

1882: सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर पहला टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया। ऑस्ट्रेलिया ने ये मैच 5 विकेट से जीता था।

 

scroll to top