#धार्मिक #प्रदेश

सोने-चांदी की पिचकारियों से सजी होली: द्वारकाधीश मंदिर में उमड़ा भक्तिभाव

Advertisement Carousel

 

मथुरा। ब्रज में होली का उत्साह अब चरम पर पहुंच गया है। प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में ठाकुरजी ने यमुना तट पर विराजमान होकर भक्तों संग रंगों की होली खेली। भगवान और भक्तों के बीच प्रेम और भक्ति के इस अनूठे संगम ने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

स्वर्ण व रजत पिचकारियों से बरसा रंग

मंगलवार से होलिकाष्टक शुरू होते ही ब्रज में होली का उल्लास छा गया। सुबह 10 बजे ठाकुरजी यमुना तट पर पधारे। मंदिर के मुखिया सुधीर कुमार ने परंपरा का निर्वहन करते हुए ठाकुरजी को होली अर्पित की।

स्वर्ण और रजत की पिचकारियों से शुद्ध टेसू के फूलों से बना प्राकृतिक रंग भक्तों पर बरसाया गया। देखते ही देखते पूरा मंदिर ‘ठाकुरजी की जय’ के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु रंगों में सराबोर हो गए।

रसिया गायन से सजी फाग उत्सव की छटा

इस विशेष अवसर पर ब्रज फाग रसिया मंडल के कलाकारों ने पारंपरिक ब्रज रसिया गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। ढप और मृदंग की थाप पर गूंजते रसिया गीतों ने वातावरण को और भी आनंदमय बना दिया। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ विदेशी पर्यटकों ने भी ब्रज की अलौकिक होली का अनुभव किया।

मंदिर के मीडिया प्रभारी एडवोकेट राकेश तिवारी ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 10 से 11 बजे तक होली का आयोजन किया जाएगा और श्रद्धालुओं से इसमें सहभागी बनने का आग्रह किया गया है।