Breaking : खल्लारी माता मंदिर रोपवे हादसा: एक महिला की मौत, 16 घायल, सीएम ने दिए जांच के आदेश

महासमुंद। चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित खल्लारी माता मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में संचालित रोपवे का केबल अचानक टूटने से ट्रॉली में सवार श्रद्धालु घायल हो गए। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार, खल्लारी मंदिर पहाड़ी पर स्थित होने के कारण श्रद्धालु रोपवे के माध्यम से दर्शन के लिए पहुंचते हैं। रविवार सुबह नवरात्रि के चलते बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंच रहे थे। इसी दौरान रोपवे का केबल अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली झटके के साथ नीचे की ओर आ गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मामले की जांच के निर्देश देते हुए कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





