#प्रदेश

खल्लारी माता मंदिर रोपवे हादसा अपडेट : एक और श्रद्धालु की मौत, पत्नी और बच्ची की हालत गंभीर

Advertisement Carousel

रायपुर। खल्लारी माता मंदिर में हुए रोपवे हादसे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। इस दर्दनाक घटना में एक और श्रद्धालु की मौत हो गई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ गई है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय गोविंद स्वामी के रूप में हुई है, जिन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका इलाज MMI अस्पताल में चल रहा था। वहीं उनकी पत्नी और बच्ची की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र में हुआ। पहाड़ी पर स्थित मंदिर तक पहुंचने के लिए रोपवे का उपयोग किया जाता है। रविवार को नवरात्रि के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान रोपवे का केबल अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली झटके के साथ नीचे की ओर आई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में पहले एक महिला की मौत हुई थी, जिनकी पहचान 28 वर्षीय शिक्षिका आयुषी साठकर के रूप में हुई। उनके पति ऋषभ भी गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि यह रोपवे करीब दो साल पहले स्थापित किया गया था और इसके रखरखाव की जिम्मेदारी कोलकाता की कंपनी रोपवे एंड रिसॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को दी गई थी। खास बात यह है कि हादसे से महज चार दिन पहले ही इसका मेंटेनेंस किया गया था।

इस घटना पर विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है और जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना बेहद पीड़ादायक है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन अब पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।