कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में नक्सलमुक्त अभियान अभी जोरों पर है। कोण्डागांव जिले के किलम-बरगुम मरकामपाल क्षेत्र में मंगलवार शाम सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह क्षेत्र कोण्डागांव और नारायणपुर जिलों की सीमा से लगा हुआ है। मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है, जिसमें पूर्वी बस्तर डिवीजन के दो खूंखार माओवादी DVCM हलदर और ACM रामे मारे गए हैं। इन दोनों पर क्रमशः 8 लाख और 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था।
कोण्डागांव DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम को माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 15 अप्रैल को क्षेत्र में माओवादी विरोधी अभियान चलाया गया। इसी दौरान जंगलों में घात लगाकर बैठे माओवादियों से सुरक्षा बलों की भिड़ंत हो गई। करीब एक घंटे तक चली इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने दोनों माओवादियों को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से एक AK-47 राइफल, अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और माओवादी साहित्य बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों द्वारा फिलहाल क्षेत्र में सघन सर्च अभियान जारी है। मामले की पुष्टि कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक येदुवेल्ली अक्षय कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ की विस्तृत जानकारी सर्च अभियान पूरा होने के बाद पृथक से जारी की जाएगी। इस कार्रवाई को माओवादी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है, जो आने वाले समय में बस्तर क्षेत्र में शांति बहाली के प्रयासों को बल प्रदान करेगा।