#प्रदेश

महंत कॉलेज में युवाओं को स्टार्टअप्स की ओर प्रेरित करने कार्यशाला आयोजित

Advertisement Carousel

रायपुर। महंत लक्ष्मीनारायण दास कॉलेज में “स्टार्टअप एवं यूथ” विषय पर एक ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता के प्रति जागरूक करना और उनमें नवाचार व समस्या-समाधान की सोच विकसित करना रहा। कार्यशाला का आयोजन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC), संस्था नवाचार परिषद (IIC) तथा वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी के प्रेरक उद्बोधन से हुई। उन्होंने कहा कि देश के विकास में स्टार्टअप्स की भूमिका महत्वपूर्ण है और विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याओं की पहचान कर उन्हें अवसर में बदलना चाहिए। उन्होंने मेक इन इंडिया का उल्लेख करते हुए युवाओं से आत्मनिर्भरता और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बताया कि बेंगलुरु, पुणे, मुंबई और वडोदरा जैसे शहर देश के प्रमुख स्टार्टअप हब के रूप में उभर रहे हैं।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में सी.ए. कांतिलाल जैन और सी.ए. नीरज बैद उपस्थित रहे। कांतिलाल जैन ने विद्यार्थियों को कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर बाजार की जरूरतों को समझने और नई तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।

वहीं नीरज बैद ने विद्यार्थियों को नौकरी खोजने के बजाय रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्टार्टअप से जुड़ी शासकीय योजनाओं, पंजीकरण प्रक्रिया, कानूनी प्रावधान, पेटेंट प्रक्रिया और वित्तीय सहायता के विभिन्न साधनों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही 36INC जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से मार्गदर्शन लेने की बात कही।
कार्यक्रम में वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. शांतनु पॉल, IQAC समन्वयक डॉ. प्रेम चंद्राकर, प्रो. ललित मोहन वर्मा, डॉ. अनुपमा जैन सहित अन्य प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्रुति तिवारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. शांतनु पॉल द्वारा प्रस्तुत किया गया।