गौरवपथ की नालियों की बदहाल स्थिति: आज सुबह फिर टूटी गौरवपथ की नाली, घटिया निर्माण व भ्रष्टाचार का एक और नमूना

० लापरवाही और घटिया निर्माण से जनता परेशान
दिलीप गुप्ता, सरायपाली | नगरपालिका द्वारा बनाए गए गौरवपथ के साथ निर्मित नालियां लगातार क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आज सुबह लगभग 7:30 बजे एक वाहन के दबाव से संवाददाता के घर के सामने फिर एक नाली टूट गई।
जानकारी के अनुसार नगर में 50 से अधिक स्थानों पर नालियां पहले ही टूट चुकी हैं या क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, लेकिन अब तक उनके सुधार की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
संवाददाता ने बताया कि नाली निर्माण के दौरान ही घटिया सामग्री और गलत तरीके अपनाए जाने की शिकायत कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। परिणामस्वरूप आज स्थिति यह है कि नालियां मामूली दबाव में ही टूट जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि इसी स्थान के पास लगभग 10 महीने पहले भी एक ट्रक का पहिया नाली में धंस गया था, जिससे नाली पूरी तरह टूट गई थी। उस समय भी मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण बाद में स्वयं के खर्च पर उसे ठीक करवाना पड़ा।
- अधूरी व्यवस्था और सफाई का अभाव
- नालियों का निर्माण तो किया गया, लेकिन पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है
- नालियों में गंदा पानी और कचरा जमा हुआ है
- निर्माण के बाद नियमित सफाई नहीं कराई गई
- कई स्थानों पर नालियां बिना ढक्कन के खुली हुई हैं
- दुर्घटना की बढ़ती आशंका
नगर में जगह-जगह टूटी और खुली नालियां आम लोगों के लिए खतरा बनती जा रही हैं। इसके बावजूद नगरपालिका और ठेकेदार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं दिखाई दे रही है।





