CSPDCL कर्मियों को 1करोड़ साठ लाख तक का बीमा,स्टेट बैंक के साथ कंपनी कर्मियों के लिए हुआ अनुबंध

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) कर्मियों को एक करोड़ साठ लाख तक दुर्घटना बीमा सहित कई अन्य बैंकिंग सुविधाएं मिलने जा रही हैं।भारतीय स्टेट बैंक के साथ इस संबंध में डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इसके तहत कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उन्नत बैंकिंग सुविधाओं के साथ ही साथ व्यापक बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी। अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर की उपस्थिति में किया गया। पॉवर कंपनी मुख्यालय सेवा भवन में पॉवर कंपनी की ओर से महाप्रबंधक (वित्त) श्री नवीन कुमार ठाकुर एवं एसबीआई के उप महाप्रबंधक श्री राकेश कुमार सिन्हा ने अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर किए।
सीएसपीडीसीएल के महाप्रबंधक (वित्त) नवीन ठाकुर ने बताया कि स्टेट बैंक में कंपनी के जिन अधिकारी -कर्मचारियों का सैलरी पैकेज प्लान होगा उन्हें एक करोड़ रुपए तक का पर्सनल एक्सीडेंट बीमा, एक करोड़ 60 लाख रुपए तक का एयर एक्सीडेंट बीमा (हवाई यात्रा दुर्घटना बीमा), एक करोड़ तक का स्थायी दिव्यांगता कवर तथा 80 लाख रुपए तक का आंशिक दिव्यांगता कवर मिलेगा। इसके अतिरिक्त एसबीआई के रूपे डेबिट कार्ड के माध्यम से 10 लाख रुपए तक का पर्सनल एक्सीडेंट कवर तथा श्रेणी के अनुसार 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक का एयर एक्सीडेंट बीमा भी उपलब्ध होगा।
श्री ठाकुर ने बताया कि बैंकिंग सुविधाओं में कर्मचारियों को न्यूनतम बैलेंस की अनिवार्यता से छूट, निःशुल्क इंटरनेट बैंकिंग, एसबीआई एटीएम पर अनलिमिटेड ट्रांजैक्शन, आरटीजीएस एवं एनईएफटी शुल्क में रियायत तथा लॉकर किराए में छूट जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियों के अनुसार कर्मचारियों को अमेजन प्राइम सदस्यता, यात्रा एवं मनोरंजन से जुड़े ऑफर, एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस तथा चयनित श्रेणियों में जिम, स्पा एवं अन्य लाइफस्टाइल सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में सबसे अधिक लगभग आठ हजार नियमित अधिकारी – कर्मचारी कार्यरत हैं। कंपनी प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएं तथा इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए एसबीआई शाखा से संपर्क भी कर सकते हैं।
अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर के दौरान कार्यपालक निदेशक(संचारण एवं संधारण) जे एस नेताम, अतिरिक्त महाप्रबंधक (वित्त) जी के राठी , प्रबंधक लवीश कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित थे।





