#प्रदेश #राष्ट्रीय

प्रोफाइल में अब भी ‘मुख्यमंत्री’ लिख रहीं ममता, विधानसभा भंग होने के बाद भी नहीं बदला सोशल मीडिया बायो

Advertisement Carousel

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की 17वीं विधानसभा भंग हो चुकी है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने अब तक अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में कोई बदलाव नहीं किया है। आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद से हटने के बावजूद उनके फेसबुक और एक्स प्रोफाइल पर अब भी ‘माननीय मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल’ लिखा हुआ है।

सोशल मीडिया प्रोफाइल में नहीं हुआ बदलाव
ममता बनर्जी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अभी भी मुख्यमंत्री का पदनाम दिखाई दे रहा है। विधानसभा चुनाव में हार और नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी उन्होंने अपने प्रोफाइल बायो को अपडेट नहीं किया है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

राज्यपाल ने भंग की 17वीं विधानसभा
गुरुवार को पश्चिम Bengal के राज्यपाल आर. एन. रवि ने संविधान के अनुच्छेद 174(2)(बी) के तहत 17वीं विधानसभा को भंग करने का आदेश जारी किया। विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो चुका था। राजभवन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया।

15 साल बाद सत्ता से बाहर हुई टीएमसी
ममता बनर्जी वर्ष 2011 से लगातार पश्चिम बंगाल की सत्ता में थीं। 2021 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर उन्होंने लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला था। हालांकि 2026 विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को बड़ी हार का सामना करना पड़ा और पार्टी सत्ता बचाने में असफल रही। भवानीपुर सीट से भी ममता बनर्जी को हार झेलनी पड़ी।

भाजपा को मिला स्पष्ट बहुमत
2026 विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 293 में से 207 सीटों पर जीत हासिल की। वहीं तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। चुनाव नतीजों के बाद ममता बनर्जी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि उनकी पार्टी की ‘100 सीटें छीनी गईं’। फिलहाल भाजपा नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री चयन की तैयारी में जुटी हुई है।