#प्रदेश

CG Accident : सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत, 4 साल का मासूम घायल; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Advertisement Carousel

 

कवर्धा। कबीरधाम जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ में मौजूद 4 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है, जो सारंगढ़ के निवासी थे। दोनों अपने बच्चे के साथ बाइक से ससुराल कोलेगांव जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे ट्रक को क्रॉस करने के दौरान बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई और अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गई। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चा दूर गिरने से बच गया लेकिन घायल हो गया।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

ग्रामीणों का आक्रोश, चक्काजाम
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल और कुण्डा थाना क्षेत्र में चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है।
उनका कहना है कि सड़क के शोल्डर में मुरुम की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया, जो बारिश में कीचड़ बनकर हादसों का कारण बन रही है।

प्रशासन मौके पर
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और चक्काजाम जारी है।