#खेल #प्रदेश

रायपुर में पहली बार होगा महिला इंटरनेशनल क्रिकेट, भारत-जिम्बाब्वे सीरीज का ऐलान, शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होंगे 3 मैच

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इस बार क्रिकेट के एक नए इतिहास का गवाह बनने जा रहा है। यहां इस साल आईपीएल के साथ-साथ महिला अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैचों का भी आयोजन किया जाएगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच ऐतिहासिक सीरीज शामिल है।

अक्टूबर महीने में भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे महिला टीम की मेजबानी करेगी। यह दोनों देशों के बीच पहली द्विपक्षीय महिला क्रिकेट सीरीज होगी, जिसमें कुल 6 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें से 3 टी-20 मैच रायपुर में और 3 वनडे मैच वडोदरा में आयोजित होंगे।

अब तक रायपुर के इस अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में केवल भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने ही अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। यह पहली बार होगा जब यहां महिला क्रिकेट टीम अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलती नजर आएगी।

जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम का यह भारत दौरा भी ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि यह उनका पहला भारत दौरा होगा। वहीं भारतीय महिला टीम ने भी अब तक जिम्बाब्वे में कोई सीरीज नहीं खेली है। ऐसे में यह सीरीज दोनों टीमों के लिए एक नया अनुभव होगी।

बीसीसीआई महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए लगातार द्विपक्षीय सीरीजों का विस्तार कर रही है। वर्ष 2027 में श्रीलंका में होने वाली महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी को ध्यान में रखते हुए यह सीरीज दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

रायपुर में टी-20 मैचों का कार्यक्रम
16 अक्टूबर: पहला टी20
18 अक्टूबर: दूसरा टी20
20 अक्टूबर: तीसरा टी20
वडोदरा में वनडे मैचों का कार्यक्रम
23 अक्टूबर: पहला वनडे
25 अक्टूबर: दूसरा वनडे
28 अक्टूबर: तीसरा वनडे

इस सीरीज के साथ रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के नए अध्याय में प्रवेश करेगा।