रायपुर में वकील पर जानलेवा हमला: राजातालाब के 4 आरोपी गिरफ्तार, ओडिशा-महाराष्ट्र से दबोचे गए

रायपुर। Raipur के राजातालाब इलाके में अधिवक्ता रमीजुद्दीन पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद फजल खान उर्फ मुजीब (35), मोहम्मद सरताज शरीफ उर्फ ताज (36), फैजान हुसैन (29) और अब्दुल कलाम उर्फ राजा (40) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 मई की रात अधिवक्ता रमीजुद्दीन ने सड़क किनारे हंगामा कर रहे युवकों को समझाइश दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उन पर चाकू और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। हमले में वकील गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल अधिवक्ता के भाई जियाउद्दीन ने Civil Lines Police Station में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान आरोपियों के फरार होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस ने Odisha और Maharashtra में घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इधर, इस घटना के बाद रायपुर के वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला। अधिवक्ताओं ने देर रात थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की जांच जारी है।




