कवर्धा सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक की मौत, दो अन्य का इलाज जारी

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में हुए सड़क हादसे में घायल पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह घटना लोहारा थाना क्षेत्र की है, जहां सोमवार को दो बाइकों की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
पुलिस जानकारी के अनुसार, आरक्षक रुपेश राजपूत डीएसबी शाखा में पदस्थ थे और अपने साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ उपचुनाव से संबंधित ड्यूटी पर लोहारा नगर पंचायत क्षेत्र में गए थे। ड्यूटी समाप्त कर दोनों बाइक से लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थिति
टक्कर में दोनों पुलिसकर्मी और दूसरी बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर रुपेश राजपूत को रायपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया था।
इलाज के दौरान मौत
तीन दिनों तक इलाज के दौरान जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आरक्षक रुपेश राजपूत ने आज अंतिम सांस ली। वहीं अन्य दो घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।





