#प्रदेश #राष्ट्रीय

पश्चिम बंगाल के सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य, सरकार का बड़ा आदेश जारी

Advertisement Carousel

कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी मदरसों में ‘वंदे मातरम’ गाना अनिवार्य करने का फैसला लिया है। अल्पसंख्यक कार्य एवं मदरसा शिक्षा विभाग द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार यह नियम सरकारी, सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त सभी मदरसों पर लागू होगा। अब सुबह की प्रार्थना सभा में ‘वंदे मातरम’ का गायन करना जरूरी होगा।

इससे पहले राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने भी सभी स्कूलों को निर्देश जारी करते हुए कहा था कि हर दिन कक्षाएं शुरू होने से पहले सुबह की सभा में ‘वंदे मातरम’ गाया जाए। विभाग ने इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए थे।

राज्य सरकार का यह कदम केंद्रीय गृह मंत्रालय के उस निर्देश के बाद आया है, जिसमें राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इसे व्यापक रूप से गाने की बात कही गई थी।

हालांकि नए आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पहले से प्रार्थना सभाओं में गाया जाने वाला राज्य गीत ‘बांग्लार माटी बांग्लार जल’ जारी रहेगा या नहीं। इसी को लेकर कई स्कूलों में चर्चा शुरू हो गई है।

कुछ स्कूल प्रधानाचार्यों ने इस फैसले को लागू करने में व्यावहारिक दिक्कतों की ओर भी ध्यान दिलाया है। उनका कहना है कि राष्ट्रगान पहले से अनिवार्य है और यदि ‘वंदे मातरम’ के साथ राज्य गीत भी शामिल किया गया, तो सुबह की सभा का समय बढ़ जाएगा और कक्षाएं शुरू होने में देरी हो सकती है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल नए निर्देश में केवल ‘वंदे मातरम’ को शामिल करने की बात कही गई है। राज्य गीत को लेकर कोई अलग निर्देश जारी नहीं हुआ है।

इधर, कई स्कूलों और शिक्षण संस्थानों ने आदेश लागू करना भी शुरू कर दिया है। जादवपुर विद्यापीठ के प्रधानाध्यापक पार्थ प्रतिम बैद्य ने बताया कि उनके स्कूल में पिछले सप्ताह से राष्ट्रगान से पहले ‘वंदे मातरम’ गाया जा रहा है।