क्रॉस हिल पर गूंजी रहस्यमयी आवाजें, पहाड़ी पर दिखे खतरनाक स्लॉथ बीयर

डोंगरगढ़। Dongargarh के केदारबाड़ी स्थित क्रॉस हिल शुक्रवार शाम अचानक रहस्य और डर का केंद्र बन गई। मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार चल रहा था, तभी पहाड़ी की तरफ से रोने, कराहने और सिसकने जैसी डरावनी आवाजें आने लगीं। आवाज इतनी भयावह थी कि वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
पहाड़ी से आती रही चीखें, सहमे लोग
मुक्तिधाम में मौजूद लोगों को लगा कि शायद पहाड़ी पर कोई घायल है या कोई बड़ी अनहोनी हो गई है। जैसे-जैसे आवाजें तेज होती गईं, लोगों में डर और बेचैनी बढ़ती गई। कई लोग पहाड़ी की तरफ देखते रहे, लेकिन ऊपर जाने की किसी की हिम्मत नहीं हुई।
मोबाइल कैमरे में कैद हुआ रहस्य
इसी दौरान केदारबाड़ी निवासी रवि पांडेय और आशीष सुमित साहू मौके पर पहुंचे। दोनों ने मोबाइल कैमरा ऑन कर आवाज की दिशा में रिकॉर्डिंग शुरू की।
जैसे ही कैमरा क्रॉस हिल की झाड़ियों और चट्टानों की ओर घूमा, पूरा रहस्य सामने आ गया। पहाड़ी पर कई Sloth Bear घूमते दिखाई दिए, जो लगातार रोने और कराहने जैसी आवाजें निकाल रहे थे।
पहली बार इतने करीब दिखे भालू, मचा हड़कंप
वीडियो सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई। क्रॉस हिल के नीचे लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग पहली बार इतने करीब से जंगली भालुओं को देखकर हैरान रह गए। देर शाम तक पूरे Dongargarh में “क्रॉस हिल की रहस्यमयी आवाज़” चर्चा का विषय बनी रही।
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक Sloth Bear ऐसी आवाजें तब निकालते हैं, जब मां और बच्चे एक-दूसरे से बिछड़ जाते हैं या संपर्क बनाने की कोशिश कर रहे होते हैं। इस दौरान भालू काफी बेचैन और आक्रामक भी हो सकते हैं।
भारत के सबसे खतरनाक जंगली जानवरों में गिने जाते हैं स्लॉथ बीयर
विशेषज्ञों का कहना है कि Sloth Bear भारत के सबसे खतरनाक जंगली जानवरों में शामिल हैं। अचानक सामने आने पर ये हमला भी कर सकते हैं।
सबसे बड़ा सवाल वन विभाग की निष्क्रियता को लेकर उठ रहा है। शहर से लगे इलाके, मुक्तिधाम और लोगों की भीड़ के बीच जंगली भालू खुलेआम घूमते रहे, लेकिन वन विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।




