#प्रदेश

सिवनी में भीषण अग्निकांड: सर्राफा कारोबारी के घर जिंदा जले परिवार के 6 सदस्य, सुबह 4 बजे मची चीख-पुकार

Advertisement Carousel

भोपाल। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक सर्राफा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। हादसे के वक्त घर में करीब 10 लोग मौजूद थे। रेस्क्यू टीम ने चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गहरी नींद में था परिवार, अचानक भड़क उठी आग

जानकारी के अनुसार, हादसा जैन मोहल्ला निवासी प्रतिष्ठित सर्राफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के मकान में हुआ। सोमवार सुबह करीब 4 बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तभी अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे मकान में धुआं भर गया। आग इतनी तेजी से फैली कि सो रहे लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकल और रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और मकान में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

मौके पर मौजूद एसडीओपी अपूर्व भलावी ने दूरभाष पर बताया कि तीन मंजिला मकान में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। मामले की जांच की जा रही है।