#प्रदेश

छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव का ऐलान, 29 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

Advertisement Carousel

 

रायपुर। रायपुर में भारतीय युवा कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह और प्रदेश चुनाव अधिकारी रोशन नेगी ने चुनाव की तारीखों और प्रक्रिया की जानकारी दी।

29 मई से 13 जून तक होंगे नामांकन

घोषित कार्यक्रम के अनुसार ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए नामांकन 29 मई से 13 जून तक भरे जाएंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के लिए 11 जून से 13 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी की जाएगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित होगी। चुनाव को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रदेश को 5 जोन में बांटकर ZRO नियुक्त किए जाएंगे।

सदस्यता और चुनाव के लिए तय किए गए नियम

युवा कांग्रेस में सदस्यता लेने और चुनाव लड़ने के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। पूरी सदस्यता और शिकायत प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।

फर्जी सदस्यता रोकने के लिए वोटर आईडी अनिवार्य की गई है। आवेदन के साथ 8 सेकेंड का वीडियो अपलोड करना भी जरूरी होगा, जिसमें आवेदक को अपनी जानकारी देनी होगी।

आयु प्रमाण के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट या अन्य वैध पहचान पत्र स्वीकार किए जाएंगे।

एक व्यक्ति-एक पद का नियम लागू

चुनाव प्रक्रिया में “एक व्यक्ति, एक पद” का नियम लागू रहेगा। किसी भी उम्मीदवार को केवल एक पद के लिए ही नामांकन दाखिल करने की अनुमति होगी।

यदि कोई पदाधिकारी नया नामांकन भरता है, तो उसे अपने पुराने पद से स्वतः मुक्त माना जाएगा।

दिल्ली में इंटरव्यू के बाद होगी नियुक्ति

जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका अहम रहेगी। इन पदों के लिए चयन से पहले दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने इंटरव्यू भी लिया जाएगा।