कोंडागांव में सामूहिक भोज के बाद बिगड़ी तबीयत: फूड प्वाइजनिंग से महिला की मौत, 17 लोग बीमार

कोंडागांव। कोंडागांव जिले के तमरावंड गांव में आयोजित सामूहिक भोज अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गया। भोजन करने के बाद ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फूड प्वाइजनिंग की आशंका के बीच एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।
बताया जा रहा है कि गांव में देवी-देवताओं की पूजा के बाद सामूहिक भोज का आयोजन किया गया था। भोज में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। भोजन करने के कुछ घंटों बाद लोगों को उल्टी, दस्त, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत शुरू हुई। देखते ही देखते 17 लोग बीमार पड़ गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य मरीजों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।
खाद्य विभाग ने भोज में परोसे गए खाने के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। शुरुआती जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. टीएल मंडावी के अनुसार, फिलहाल अस्पताल में मरीजों का इलाज जारी है और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में ताजा और स्वच्छ भोजन का सेवन करें तथा बासी खाने से बचें। किसी भी तरह की तबीयत खराब होने पर तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी गई है।





