#प्रदेश

इलाज के दौरान महिला की मौत से हड़कंप: परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप

Advertisement Carousel

 

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार ग्राम सोनहत निवासी राजकालिया, पति रामअवतार को बुखार की शिकायत के बाद परिजन इलाज के लिए वाड्रफनगर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में महिला को इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

बताया जा रहा है कि महिला को तेज खुजली, बेचैनी और घबराहट होने लगी। देखते ही देखते उसकी हालत गंभीर हो गई और करीब 10 मिनट के भीतर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

परिजनों का कहना है कि महिला की हालत बिगड़ने के बाद समय पर उचित उपचार और निगरानी नहीं दी गई। उनका आरोप है कि अगर तुरंत सही इलाज मिलता तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों में मरीजों के उपचार को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। वहीं परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।