रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर: चांपा में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य टला, 7 से 19 जून तक रद्द सभी ट्रेनें फिर होंगी संचालित

रायपुर। रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर-झारसुगुड़ा रेलखंड के चांपा स्टेशन में चौथी रेल लाइन को जोड़ने के लिए प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य को आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया है।
गौरतलब है कि चांपा स्टेशन पर 07 जून से 19 जून 2026 तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य प्रस्तावित था, जिसके चलते इस अवधि में कई यात्री एवं एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया था। अब रेलवे प्रशासन के नए निर्णय के बाद पूर्व में रद्द की गई सभी ट्रेनें बहाल (रिस्टोर) कर दी गई हैं और वे अपने निर्धारित मार्ग, समय और तिथियों के अनुसार सामान्य रूप से संचालित होंगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अधोसंरचना विकास और परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए कार्य जारी रहेंगे, लेकिन यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवाओं अथवा आधिकारिक वेबसाइट से अवश्य प्राप्त कर लें।
रेलवे के इस फैसले से हजारों यात्रियों को राहत मिली है, जिन्हें ट्रेनों के रद्द होने के कारण यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ रहा था।





