#प्रदेश

खराब मौसम के चलते केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक, प्रशासन ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Advertisement Carousel

 

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में मौसम के बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश, आंधी-तूफान और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद यह फैसला लिया गया।

यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता

जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं को निकटतम होल्डिंग सेंटर और सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

राहत एजेंसियां अलर्ट मोड पर

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि खराब मौसम को देखते हुए पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य आपदा राहत एजेंसियों को पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा लगातार मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सोनप्रयाग और गौरीकुंड समेत संवेदनशील स्थानों पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मौसम अनुकूल होने तक किसी भी यात्री को आगे बढ़ने की अनुमति न दी जाए।

सीसीटीवी से रखी जा रही नजर

यात्रा मार्गों की सुरक्षा और हालात पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।