Big news :रायपुरवासियों को नगर निगम का बड़ा झटका: बढ़ा यूजर चार्ज, अब संपत्तिकर के साथ देनी होगी ज्यादा राशि

रायपुर। राजधानी रायपुर के नागरिकों पर नगर निगम ने अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालते हुए यूजर चार्ज में बढ़ोतरी कर दी है। नए फैसले के तहत अब आवासीय और व्यावसायिक दोनों श्रेणी के संपत्ति मालिकों को संपत्तिकर के साथ पहले से अधिक शुल्क का भुगतान करना होगा।
नगर निगम द्वारा जारी संशोधित दरों के अनुसार, आवासीय संपत्तियों पर सालाना 120 रुपये और व्यावसायिक संपत्तियों पर सालाना 360 रुपये अतिरिक्त यूजर चार्ज लिया जाएगा। यह राशि संपत्तिकर के साथ ही वसूली जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और अन्य नागरिक सुविधाओं के बेहतर संचालन के लिए यूजर चार्ज में संशोधन किया गया है। निगम प्रशासन के मुताबिक बढ़ी हुई राशि से शहरी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।

कांग्रेस का विरोध, कहा- जनता पर डाला जा रहा अतिरिक्त बोझ
यूजर चार्ज में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के फैसले का विरोध किया है। निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि नगर निगम को जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने के बजाय पहले सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में घर-घर कचरा संग्रहण और स्वच्छता व्यवस्था अपेक्षित स्तर पर नहीं है। ऐसे में सुविधाओं में सुधार किए बिना शुल्क बढ़ाना आम नागरिकों के साथ अन्याय है।
“पहले शहर को स्वच्छ बनाएं, फिर बढ़ाएं शुल्क”
आकाश तिवारी ने कहा कि शहर के 70 वार्डों में स्वच्छता सुधारने के बजाय केवल दीवारों पर पेंटिंग और प्रचार-प्रसार पर लाखों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने महापौर और नगर निगम परिषद से निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है।
नगर निगम के इस फैसले के बाद अब रायपुर में यूजर चार्ज बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक और जनसरोकारों की बहस तेज होने की संभावना है।





