Breaking : साप्ताहिक बाजार पर गिरी आफत: आकाशीय बिजली की चपेट में 11 लोग, महिला की मौत, 10 घायल

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। चंदेनार साप्ताहिक बाजार में अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, चंदेनार साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचे हुए थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरते ही लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे में कुल 11 लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आए, जिनमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जबकि अन्य 9 लोगों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अगले पांच दिनों तक मौसम का अलर्ट
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक अंधड़, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है।
प्रदेश में मौसम के बदले मिजाज के बीच मरवाही वनमंडल के पिपरिया गांव के जंगल में भीषण गर्मी और लू के कारण एक मादा भालू की मौत का मामला भी सामने आया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 30 मिलीमीटर बारिश गरियाबंद जिले में रिकॉर्ड हुई, जबकि सुकमा और सूरजपुर के रामानुजनगर क्षेत्र में 20-20 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।





