छिंदारी बांध में बड़ा हादसा, नहाने गए 3 दोस्तों में से 17 वर्षीय किशोर डूबा, SDRF को बुलाया गया

खैरागढ़। जिले के प्रसिद्ध रश्मि देवी जलाशय (छिंदारी बांध) में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। बांध में नहाने उतरे तीन दोस्तों में से एक 17 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका। अब दुर्ग से SDRF की टीम को बुलाया गया है, जो गुरुवार को सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
जानकारी के अनुसार, छुईखदान के तीन युवक दोपहर करीब 12 बजे घूमने के लिए छिंदारी बांध पहुंचे थे। कुछ समय बाद तीनों जलाशय में नहाने उतर गए। बताया जा रहा है कि तीनों को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद वे गहरे पानी की ओर चले गए। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से तीनों डूबने लगे।
हादसे के दौरान दो युवक किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन लक्ष्य पाल (17 वर्ष), पिता संजय पाल गहरे पानी में समा गया और फिर बाहर नहीं निकल सका। दोनों युवकों ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
देर शाम तक नहीं मिला सुराग
छुईखदान पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने घंटों खोजबीन की, लेकिन किशोर का पता नहीं चल सका। पुलिस के अनुसार जलाशय की अधिक गहराई और कम दृश्यता के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गुरुवार को SDRF चलाएगी सर्च ऑपरेशन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग से SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम को बुलाया गया है। विशेष उपकरणों से लैस टीम गुरुवार सुबह से खोज अभियान शुरू करेगी।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
गौरतलब है कि छिंदारी बांध में पहले भी डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। प्रशासन की लगातार चेतावनियों के बावजूद लोग गहरे पानी में उतरने का जोखिम उठा रहे हैं। घटना के बाद किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।





