‘नाउ फॉर क्लाइमेट’ थीम पर छाए देशभर के कार्टूनिस्ट, पर्यावरण दिवस कार्टून प्रतियोगिता के विजेता घोषित

रायपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित अखिल भारतीय कार्टून प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा कर दी गई है। कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य पर्यावरण संरक्षण मंडल के सहयोग से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के कार्टूनिस्टों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गोवा से लेकर जम्मू तक के प्रतिभागियों को विभिन्न पुरस्कारों के लिए चुना गया है।
कार्टून वॉच के संपादक त्रयंबक शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता देश में सबसे लंबे समय से लगातार आयोजित होने वाली कार्टून प्रतियोगिताओं में शामिल हो चुकी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रतियोगिता का आयोजन संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) की घोषित थीम “Now for Climate” पर किया गया।
जलवायु परिवर्तन और बढ़ती गर्मी रहे प्रमुख विषय
इस वर्ष प्रतियोगिता में सबसे अधिक कार्टून जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और ग्लोबल वार्मिंग पर केंद्रित रहे। कई कार्टूनिस्टों ने पृथ्वी को सूरज की तरह तपता हुआ दिखाया, जबकि कुछ ने बढ़ती गर्मी को युद्ध और एयर कंडीशनर के बढ़ते उपयोग से जोड़कर व्यंग्यात्मक संदेश दिया।

इन कार्टूनिस्टों ने जीते शीर्ष पुरस्कार
पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित परिणामों के अनुसार—
प्रथम पुरस्कार (10,000 रुपये)
एस. वी. रमणा (हैदराबाद)
मनोज चोपड़ा (जम्मू)
द्वितीय पुरस्कार (7,000 रुपये)
वर्चस्वी (हैदराबाद)
देबाशीष (ओडिशा)
तृतीय पुरस्कार (5,000 रुपये)
अनूप (केरल)
कर्नल रमेश (रायपुर)
20 प्रतिभागियों को मिलेगा विशेष पुरस्कार
एक-एक हजार रुपये के विशेष पुरस्कार के लिए चयनित प्रतिभागियों में विजय मुसाले (कोल्हापुर), वी. नागराज (तेलंगाना), उमेश चरोले (नागपुर), खलील खान, गोपीनाथ (पुणे), रघुपति (बेंगलुरु), एन. धीरजा (हैदराबाद), निर्झर सोम (दिल्ली), नितिन बंगाले (मुंबई), बाची, पेंडेला, के.के. वल्लूरी (हैदराबाद), राम शेषु (नेल्लोर), शैलेश उजरे (कर्नाटक), कश्यप (विशाखापट्टनम), शब्बीर (हैदराबाद), विराज (जम्मू), स्मिता कामथ (गोवा), योगेश शेट्टीगर और जय गुप्ता शामिल हैं।
5 जून को लगेगी चयनित कार्टूनों की प्रदर्शनी
आयोजकों के अनुसार, 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चयनित कार्टूनों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही कार्टून वॉच का विशेष अंक भी प्रकाशित किया जाएगा। सभी विजेताओं और चयनित प्रतिभागियों को एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन माध्यम से पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।





