अब सरकार सिर्फ एक कॉल दूर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लॉन्च की सीएम हेल्पलाइन 1076

रायपुर। प्रदेशवासियों की शिकायतों और सुझावों के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान हेल्पलाइन के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया। इस नई व्यवस्था के जरिए अब नागरिक एक कॉल पर अपनी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त जनप्रतिसाद और शिकायतों को देखते हुए एक प्रभावी एवं स्थायी जनसंपर्क प्रणाली की आवश्यकता महसूस हुई, जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है।
42 विभाग, 8 हजार अधिकारी और 1195 शिकायत श्रेणियां
सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से राज्य शासन के 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े रहेंगे। नागरिक 1195 निर्धारित श्रेणियों में अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिनका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
व्हाट्सएप से भी जुड़ी सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि डिजिटल युग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है। इससे लोग अपने मोबाइल के माध्यम से आसानी से शिकायत, सुझाव और फीडबैक सरकार तक पहुंचा सकेंगे।
हर शिकायत को मिलेगा यूनिक आईडी नंबर
हेल्पलाइन पर दर्ज प्रत्येक शिकायत को एक विशिष्ट पहचान संख्या (यूनिक आईडी) प्रदान की जाएगी, जिससे आवेदक अपनी शिकायत की स्थिति ऑनलाइन देख सकेगा। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है, तो मामला स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण के लिए भेज दिया जाएगा।
24 घंटे सक्रिय रहेगी व्यवस्था
सीएम हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे संचालित रहेगी। इसके लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी निगरानी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय भी इसकी नियमित मॉनिटरिंग करेगा।
जनभागीदारी का भी बनेगा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश के विकास से जुड़े सुझावों और विचारों को भी सरकार तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। इससे नीति निर्माण और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





