Big Breaking : LoC पर आकस्मिक विस्फोट में दो जवान शहीद, उरी के कमलकोट सेक्टर में हुआ हादसा

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास मंगलवार देर शाम हुए एक आकस्मिक विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए। दोनों जवान ड्यूटी के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उरी के संवेदनशील कमलकोट सेक्टर में हुआ। विस्फोट के बाद दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत श्रीनगर स्थित बादामीबाग के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जांच में जुटी सेना
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विस्फोट नियंत्रण रेखा के पास हुआ, जहां बारूदी सुरंगों और पुराने विस्फोटक सामग्री का खतरा बना रहता है। हालांकि, विस्फोट के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। सेना के अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
शहीद जवानों की पहचान
शहीद जवानों की पहचान चव्हाण विक्रम बालकृष्ण और अर्जुन जाधव राजेंद्र के रूप में हुई है।चव्हाण विक्रम बालकृष्ण महाराष्ट्र के ऐरोली के निवासी थे।
अर्जुन जाधव राजेंद्र महाराष्ट्र के सतारा जिले की कराड तहसील के शाहपुर गांव के रहने वाले थे।
देश ने खोए दो वीर सपूत
दोनों जवान देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे थे। उनके शौर्य और बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा। इस घटना के बाद सेना और शहीदों के परिवारों में शोक की लहर है।




