#प्रदेश

Big News : छत्तीसगढ़ वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 4 IFS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वरिष्ठ स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चार भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। विभागीय आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है, जिससे वन प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में बदलाव देखने को मिलेगा।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (अनुसंधान एवं मूल्यांकन) कोलेन्द्र कुमार को उनके मौजूदा दायित्वों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ राज्य वन अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, रायपुर का निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसी क्रम में ओपी यादव को प्रभारी प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण) तथा सह-मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक के पद पर नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता से जुड़े अहम कार्यों के लिए दी गई है।

वर्ष 2001 बैच की वरिष्ठ अधिकारी शालिनी रैना को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CAMPA) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे वर्तमान में वन मुख्यालय में प्रशासन, समन्वय तथा कार्मिक प्रबंधन से जुड़े कार्यों को भी संभाल रही हैं।

इसके अलावा माधेश्वर डी. को प्रभारी अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास एवं योजना, बजट, लेखा एवं लेखा परीक्षण) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे राज्य जैव विविधता बोर्ड और अन्य वन्यजीव योजनाओं से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

सरकार के इस फैसले को वन विभाग में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।