रायपुर। छत्तीसगढ़ में झुलसाने वाली गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर है ,आषाढ़ महीने की शुरुआत से प्रदेश में मानसून के आगमन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून 14 जून से छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो सकता है, जिससे अगले कुछ दिनों में कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज बौछारें भी पड़ने की संभावना जताई गई है। फिलहाल जो नमी वातावरण में बनी हुई है, वह मानसून के प्रवेश से पहले की स्थिति को दर्शा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन मौसमी बदलावों से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
अगले सप्ताह छत्तीसगढ़ में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में एक-दो स्थानों पर वज्रपात और तेज हवा के साथ मेघगर्जन की गतिविधि जारी रहने की संभावना है। 13 जून से वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है। 14 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है, जिससे कुछ और हिस्सों में वर्षा हो सकती है।
अगले कुछ दिनों के लिए तापमान की बात करें, तो छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है, लेकिन इसके बाद अगले 3 दिनों में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। रायपुर शहर में 12 जून को आंशिक मेघमय आकाश रहने की संभावना है, जिसमें अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने की संभावना है।