रायपुर में भीषण आग: पोरवाल ऑयल फैक्ट्री धू-धू कर जली, कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका

रायपुर | राजधानी रायपुर के उरला स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार छा गया।
घटना के समय फैक्ट्री में कई कर्मचारी मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार कुछ कर्मचारियों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे प्रशासन और बचाव दलों की चिंता बढ़ गई है।
दमकल और पुलिस मौके पर
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। वहीं पुलिस टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है।
बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में टायरों को जलाकर डामर तैयार किया जाता है। ऐसे में ज्वलनशील सामग्री अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।अधिकारियों के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद हादसे के कारणों की जांच की जाएगी और हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा।
दो दिन पहले भी रायपुर में लगी थी बड़ी आग
गौरतलब है कि दो दिन पहले रायपुर के व्यस्त एमजी रोड पर मौदहापारा थाना के सामने स्थित जया ऑटोमोबाइल में भी भीषण आग लगी थी। उस आग पर काबू पाने में दमकल विभाग को करीब 11 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी थी।





