#प्रदेश

PM मोदी के 12 साल पूरे: CM विष्णुदेव साय बोले- ‘नया भारत किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन छोड़ता भी नहीं’

Advertisement Carousel

रायपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश को नई दिशा देने के साथ कई ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

“सबका साथ, सबका विकास” से बदली देश की तस्वीर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि आज भारत ऐसा देश बन चुका है जो किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन अगर कोई छेड़े तो उसे छोड़ता भी नहीं।

7 राज्यों से 22 राज्यों तक पहुंचा NDA

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 में देश के केवल 7 राज्यों में बीजेपी और एनडीए की सरकार थी, जबकि आज 22 राज्यों में एनडीए की सरकार है, जो जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

जनधन से लेकर राशन तक गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री साय ने कहा—

० 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खुले
० 32 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के बैंक खाते बने
० 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है
० 60 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी हुए
० 58 करोड़ लोग पीएम सुरक्षा बीमा योजना से जुड़े
0 16 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचा
0 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ

छत्तीसगढ़ को मिले 10.60 लाख पीएम आवास

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ में 10 लाख 60 हजार से अधिक परिवारों को आवास का लाभ मिला है। वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।

जनजातीय समाज को मिला सम्मान

साय ने कहा कि पहली बार जनजातीय समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंची हैं। पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से आदिवासी समुदाय के विकास के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं।

सड़क, रेल और हवाई नेटवर्क में रिकॉर्ड विस्तार

मुख्यमंत्री के अनुसार—

० 4 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कें बनीं
० राष्ट्रीय राजमार्गों में 1.46 लाख किमी की बढ़ोतरी हुई
० 1095 किमी मेट्रो नेटवर्क विकसित हुआ
० 12 वर्षों में 90 नए हवाई अड्डे जुड़े, कुल संख्या 164 पहुंची
० 23 नए AIIMS और मेडिकल संस्थानों को मंजूरी मिली

गिरिराज सिंह बोले- दुनिया में ऊंचा हुआ भारत का सम्मान

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चलने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और वैश्विक मंच पर देश की प्रतिष्ठा लगातार मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को 32 देशों द्वारा सर्वोच्च सम्मान दिए गए हैं और उनकी नीतियों से भारत की आर्थिक स्थिति पहले से अधिक मजबूत हुई है।

राजनीतिक बयानबाजी भी रही चर्चा में

अपने संबोधन के दौरान गिरिराज सिंह ने विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए जो कार्य किए हैं, उनका असर देशभर में दिखाई दे रहा है।