#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में योग दिवस की भव्य तैयारी: सरगुजा बनेगा केंद्र, हर ग्राम पंचायत में होगा योगाभ्यास

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। आयोजन को सफल और व्यापक बनाने के लिए मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सरगुजा में होगा राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम

बैठक में जानकारी दी गई कि इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन सरगुजा में प्रस्तावित है। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर और व्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

हर पंचायत में होगा योग, बढ़ेगी जनभागीदारी

मुख्य सचिव ने कहा कि आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य के सभी जिलों और ग्राम पंचायतों में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि पंचायत स्तर तक अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। आयुष विभाग और समाज कल्याण विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया है।

नीट परीक्षार्थियों को नहीं होगी परेशानी

21 जून को ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा नीट की पुनः परीक्षा भी आयोजित की जा रही है। इसे देखते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योग दिवस के आयोजन से परीक्षा केंद्रों और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी

आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष ऑनलाइन योग सत्रों के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में रिकॉर्ड दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। 14 जून से प्रतिदिन सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

मिस्ड कॉल से करें पंजीयन

अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया गया है। इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर योग दिवस कार्यक्रम के लिए पंजीयन कराया जा सकता है।

योग संगम पोर्टल पर अपलोड होगी गतिविधियां

आयुष मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए योग संगम पोर्टल पर शैक्षणिक संस्थान, विभाग, स्थानीय निकाय, सार्वजनिक उपक्रम और सामाजिक संगठन अपने कार्यक्रमों का पंजीयन कर सकते हैं। आयोजन के बाद कार्यक्रम की जानकारी और फोटो भी इसी पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।

मंत्रालय में हुई अहम समीक्षा बैठक

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, गृह विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस बार का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस छत्तीसगढ़ में बड़े स्तर पर मनाया जाएगा।