#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में ED का बड़ा एक्शन: DMF घोटाले की जांच में कई जिलों में ताबड़तोड़ छापे, कारोबारी के घर भी दबिश

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में ईडी की टीमों ने एक साथ छापेमारी शुरू की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जिला खनिज न्यास (DMF) से जुड़े कथित घोटाले की जांच के तहत की जा रही है।

रायपुर से अंबिकापुर तक ED की रेड

सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीमों ने रायपुर, दुर्ग, धमतरी, अंबिकापुर और महासमुंद सहित कई स्थानों पर एक साथ दबिश दी है। प्रदेशभर में करीब नौ ठिकानों पर कार्रवाई की चर्चा है। जांच के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े अहम सबूत जुटाए जा रहे हैं।

कारोबारी शाश्वत लुणावत के घर पहुंची ED

राजधानी रायपुर के वल्लभ नगर स्थित कारोबारी शाश्वत लुणावत के निवास पर भी ईडी की टीम ने सुबह से मोर्चा संभाल रखा है। जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों की एक टीम कई घंटों से दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की गहन जांच कर रही है।

सूत्रों का कहना है कि शाश्वत लुणावत प्रदेश के एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से जुड़े हैं और विभिन्न क्षेत्रों में उनका व्यवसाय फैला हुआ है। ईडी की कार्रवाई केवल उनके आवास तक सीमित नहीं है, बल्कि उनसे जुड़े अन्य ठिकानों की भी जांच की जा रही है।

DMF फंड की जांच में बड़े खुलासों के संकेत

बताया जा रहा है कि जिला खनिज न्यास (DMF) फंड के उपयोग और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच ईडी के रडार पर है। ऐसे में छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड एजेंसी के हाथ लग सकते हैं।

पूरे प्रदेश की नजर ED की कार्रवाई पर

हालांकि ईडी ने अभी तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन प्रदेशभर में चल रही इस हाई-प्रोफाइल जांच ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद DMF फंड से जुड़े मामले में कई बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।