#प्रदेश

एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ चला जनजागरूकता अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा एकल उपयोग प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक) के बहिष्कार और जनजागरूकता अभियान के तहत विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल मुख्यालय के निर्देश तथा क्षेत्रीय अधिकारी प्रकाश कुमार रबड़े के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।

अभियान के तहत शंकरनगर स्थित शंकरनगर विद्या स्कूल, आकाशवाणी और दूरदर्शन केंद्र में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को एकल उपयोग प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान प्रतिभागियों को जूट के थैले भी वितरित किए गए और प्लास्टिक थैलियों व झिल्लियों के पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं प्लास्टिक का उपयोग करने से बचें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके नुकसान के प्रति जागरूक करें। पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण मंडल की मुख्य रसायनज्ञ श्रीमती नीलिमा सोनकर, श्रीमती चंद्रिका कंवर, वैज्ञानिक सुश्री नंदिता बनाफर सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।