देवउठनी एकादशी 2026: आज इस शुभ मुहूर्त में जगाएं भगवान विष्णु, जानें पूजा विधि और मंत्र

कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी का पर्व आज मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त होता है। यही वजह है कि सनातन परंपरा में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व माना गया है।
इस दिन शाम को शुभ मुहूर्त में भगवान विष्णु को विधि-विधान से जगाने और उनकी पूजा करने की परंपरा है। कई स्थानों पर श्रीहरि को सुसज्जित आसन या रथ पर विराजमान कर नगर अथवा मोहल्ले में भ्रमण भी कराया जाता है। मान्यता है कि ऐसा करने से घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है और भगवान विष्णु की कृपा बनी रहती है। आइए, पंडित राकेश झा से जानते हैं देवउठनी एकादशी पर देव जागरण का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और मंत्र।
देवउठनी एकादशी 2026: भगवान विष्णु को जगाने का शुभ मुहूर्त
आज देवउठनी एकादशी पर सूर्यास्त शाम 5 बजकर 23 मिनट पर होगा। हालांकि, इस समय रोग चौघड़िया रहने के कारण इसे पूजा के लिए अनुकूल नहीं माना गया है। इसके बाद काल चौघड़िया रहेगा, जो रात 8 बजकर 47 मिनट तक रहेगा।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार, रात में 8 बजकर 45 मिनट से 10 बजकर 25 मिनट तक लाभ चौघड़िया रहेगा। इस अवधि में भगवान विष्णु की पूजा और देव जागरण करना शुभ माना गया है।
यदि इस समय पूजा करना संभव न हो, तो प्रदोष काल में शाम 5 बजकर 35 मिनट से 7 बजकर 5 मिनट के बीच वृषभ स्थिर लग्न में भी पूजा की जा सकती है।
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने की विधि
कार्तिक शुक्ल एकादशी की शाम शुभ मुहूर्त में भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने के लिए धार्मिक स्तोत्रों का पाठ, भागवत कथा और पुराणों का श्रवण करना चाहिए। इस दौरान भजन-कीर्तन के माध्यम से भी श्रीहरि का आह्वान किया जाता है।
धार्मिक परंपरा के अनुसार, घंटा, शंख, मृदंग, नगाड़े और वीणा जैसे वाद्य यंत्र बजाकर भगवान को जगाने का विधान है। इसके साथ ही भक्ति गीत, नृत्य और विभिन्न धार्मिक लीलाओं का आयोजन किया जाता है।
भगवान विष्णु को जगाते समय इन मंत्रों का करें जाप:
- ‘उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते, त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदम्।’
- ‘उत्थिते चेष्टते सर्वमुत्तिष्ठोत्तिष्ठ माधव, गता मेघा वियच्चैव निर्मलं निर्मलादिशः।’
- ‘शारदानि च पुष्पाणि गृहाण मम केशव।’
इस तरह करें भगवान विष्णु की पूजा और आरती
भगवान विष्णु के मंदिर या पूजा स्थल को फल, फूल, लता-पत्र और बंदनवार से सजाएं। इसके बाद विधि-विधान से भगवान विष्णु और पंचदेव की पूजा करें। पूजा के दौरान शुद्ध देसी घी का दीपक जलाएं और कपूर से आरती करें।
पुष्पांजलि अर्पित करते समय इस मंत्र का उच्चारण करें—
‘यज्ञेन यज्ञमयजन्त देवास्तानि धर्माणि प्रथमान्यासन, तेह नाकं महिमानः सचन्त यत्र पूर्वे साध्याः सन्ति देवाः।’
इसके बाद भगवान से प्रार्थना करते हुए इन मंत्रों का जाप करें—
- ‘इयं तु द्वादशी देव प्रबोधाय विनिर्मिता, त्वयैव सर्वलोकानां हितार्थं शेषशायिना।’
- ‘इदं व्रतं मया देव कृतं प्रीत्यै तव प्रभो, न्यूनं सम्पूर्णतां यातु त्वत्प्रसादाज्जनार्दन।’
पूजा के दौरान प्रह्लाद, नारद, पराशर, पुण्डरीक, व्यास, अम्बरीष, शुकदेव, शौनक और भीष्म जैसे भगवान के भक्तों का स्मरण करें। पूजा पूरी होने के बाद चरणामृत, पंचामृत और प्रसाद वितरित करें।
रथ या आसन पर विराजमान कर भगवान को कराएं भ्रमण
देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को जगाने के बाद उन्हें सुसज्जित रथ या आसन पर विराजमान कर भ्रमण कराने की भी परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, रथ को नगर, गांव या गलियों में घुमाने से प्रत्येक कदम पर यज्ञ के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।
यदि रथ की व्यवस्था संभव न हो, तो भगवान को किसी सुसज्जित आसन पर विराजमान करें। इसके बाद चार लोग आसन को उठाकर भगवान का प्रतीकात्मक भ्रमण करा सकते हैं।
धार्मिक मान्यता है कि भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के बाद सृष्टि के समस्त शुभ और मांगलिक कार्य फिर से आरंभ हो जाते हैं। इसी भाव के साथ देवउठनी एकादशी पर श्रीहरि का पूजन और जागरण किया जाता है।
देवउठनी एकादशी की विशेष पूजा विधि
कार्तिक शुक्ल एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। इस दिन स्नान, दान और व्रत का विशेष महत्व है। पारंपरिक पूजा विधान के अनुसार, पूजा स्थल पर सोलह कोणों या पंखुड़ियों वाला कमल बनाया जाता है। इसके ऊपर जल से भरे चार कलश स्थापित किए जाते हैं। कलशों को रत्न, चंदन और स्वच्छ सफेद वस्त्र से सजाने का विधान बताया गया है।
इन कलशों के मध्य पीतांबर धारण किए हुए शंख, चक्र और गदा धारण करने वाले चतुर्भुज भगवान विष्णु की शेषशायी प्रतिमा स्थापित की जाती है। प्रतिमा स्वर्ण की हो तो उत्तम माना गया है। ऐसा संभव न होने पर पीतल, पत्थर या मिट्टी की प्रतिमा भी स्थापित की जा सकती है।
इसके बाद ‘सहस्रशीर्षा’ आदि वैदिक ऋचाओं के साथ विधिपूर्वक भगवान का पूजन करें। रात्रि में जागरण और भजन-कीर्तन करें। अगले दिन सुबह वेदपाठी पांच ब्राह्मणों को आमंत्रित कर भोजन कराने की परंपरा है। विधान के अनुसार, चार कलश चार ब्राह्मणों को और भगवान की प्रतिमा पांचवें ब्राह्मण को दान की जाती है। इसके बाद स्वयं भोजन करने का विधान बताया गया है।
धार्मिक मान्यता है कि इस प्रकार पूजा, व्रत और दान करने से तीर्थ स्नान, स्वर्णदान और भगवान की आराधना के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।




