#प्रदेश

दुष्कर्म के आरोपी ‘चावल वाले बाबा’ को गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया, मेकाहारा में होगी स्वास्थ्य जांच

Advertisement Carousel

 

० महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री की बिगड़ी तबीयत, पुलिस सुरक्षा में रायपुर लाकर कराया जाएगा उपचार

रायपुर। दुष्कर्म के आरोप में महासमुंद सेंट्रल जेल में बंद चर्चित कथावाचक और ज्योतिषाचार्य आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री उर्फ ‘चावल वाले बाबा’ को शनिवार को गोपनीय तरीके से रायपुर लाया गया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें पहले रायपुर केंद्रीय जेल पहुंचाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मेकाहारा भेजने की तैयारी की गई।

सूत्रों के अनुसार, जेल में बंद रहने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद चिकित्सकीय जांच कराने का निर्णय लिया गया। विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत उन्हें रायपुर लाया गया है, जहां सोनोग्राफी समेत अन्य जरूरी जांच कराई जाएगी। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद उन्हें वापस महासमुंद केंद्रीय जेल भेजा जाएगा।

आरोपों को बताया साजिश का हिस्सा

रायपुर पहुंचने पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री ने दुष्कर्म मामले पर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप किसी साजिश का हिस्सा भी हो सकते हैं।

महिला की शिकायत पर हुई थी गिरफ्तारी

गौरतलब है कि महासमुंद जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी को रायपुर जिले के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था।

‘चावल वाले बाबा’ के नाम से थे प्रसिद्ध

आचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री लंबे समय से कथावाचन और ज्योतिषीय भविष्यवाणियों के लिए चर्चित रहे हैं। श्रद्धालुओं के बीच उनकी पहचान ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ के रूप में थी। उनके आश्रम और धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते थे। हालांकि दुष्कर्म के आरोपों के बाद वे कानूनी विवादों में घिर गए हैं।फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन की निगरानी में उनका उपचार कराया जा रहा है, जबकि मामले की जांच भी जारी है।