Close

Breaking : गुवाहाटी से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट के पायलट ने भेजा ‘फ्यूल मेडे’ कॉल,विमान को किया गया डायवर्ट


Ad
R.O. No. 13250/32

गुवाहाटी। गुवाहाटी से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6764 को फ्यूल की कमी की वजह से पायलट की ओर से ‘फ्यूल मेडे’ कॉल करने के बाद बंगलूरू की ओर डायवर्ट करना पड़ा। चेन्नई एयरपोर्ट पर भीड़भाड़ के कारण विमान को समय पर वहां उतरने से रोका गया। आपातकालीन मार्ग परिवर्तन के दौरान विमान में यात्री सवार थे। फ्लाइट रात 8:15 बजे सुरक्षित रूप से बंगलूरू में उतरी।



सूत्रों के मुताबिक, विमान ने निर्धारित समय पर गुवाहाटी से उड़ान भरी थी। रात 8.11 बजे जब ट्रैफिक की वजह से विमान को चेन्नई में लैंड करने की अनुमति नहीं मिली तो पायलट ने बंगलूरू हवाई अड्डे के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) पर ‘ईंधन मेडे’ का संदेश भेजा। दरअसल, हवाई अड्डे पर रनवे खाली न होने की वजह से विमान को चेन्नई हवाई अड्डे के चारों ओर चक्कर लगाने पड़े। इसके बाद ईंधन की कमी को देखते हुए विमान को बंगलूरू हवाई अड्डे की ओर मोड़ने का फैसला किया गया।

DGCA और सक्षम अधिकारियों को दी गई सूचना
सूत्रों के मुताबिक, रात 8.15 बजे विमान को बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति दी गई। इसके बाद यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। इसके बाद विमान में ईंधन भरा गया और यात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। विमान ने ईंधन भरने के बाद रात 10.24 बजे चेन्नई के लिए उड़ान भरी। विमान सामान्य से वहां उतरा। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और सक्षम अधिकारियों को घटनाक्रमों के बारे में सूचित कर दिया गया है।

शुक्रवार को मदुरै जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट लौटी थी वापस
इससे पहले शुक्रवार को मदुरै जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को तकनीकी समस्या के कारण उड़ान भरने के 30 मिनट बाद ही चेन्नई वापस लौटना पड़ा था। 68 यात्रियों को लेकर यह उड़ान चेन्नई से लगभग 7.55 बजे रवाना हुई थी। हालांकि, यात्रा के कुछ ही समय बाद चालक दल को तकनीकी खराबी का पता लगा और एहतियातन विमान को वापस मोड़ने का फैसला किया गया। उड़ान सुरक्षित रूप से चेन्नई में उतरी। सभी यात्री सुरक्षित थे।

 

scroll to top