#राष्ट्रीय

कोलकाता में योग दिवस पर बनेगा बड़ा रिकॉर्ड, PM मोदी के साथ 10 लाख लोग करेंगे योग

Advertisement Carousel

 

कोलकाता। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कोलकाता में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम में नया रिकॉर्ड बनने की संभावना है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शहरभर में करीब 10 लाख लोग योगाभ्यास करेंगे।

आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि यह पहली बार है जब अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में हो रहा है। कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि योग दिवस से पहले शहर में भव्य कार्निवल और ड्रोन शो का आयोजन किया गया, जबकि विश्व रिकॉर्ड बनाने के प्रयास के तहत करीब 500 नावों की विशेष प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी।

सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे, जिसमें एक स्थल पर लगभग 35 हजार लोग शामिल होंगे। वहीं पूरे कोलकाता में विभिन्न स्थानों पर करीब 10 लाख लोग एक साथ योग करेंगे। योग दिवस के लिए अब तक 7 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया है और यह संख्या 10 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।

आयुष मंत्रालय की संयुक्त सचिव मोनालिसा दास ने बताया कि हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम अलग-अलग राज्यों में आयोजित किया जाता है। इस बार कोलकाता में योग दिवस को लेकर कई विशेष आयोजन किए गए हैं। शुक्रवार को शहर के चार प्रमुख स्थानों पर ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 10 हजार लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा अन्य जिलों में भी योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

शनिवार को आयोजित ड्रोन शो के बाद रविवार को कोलकाता के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम होंगे। योग गुरु एवं योग इन्फ्लुएंसर उमंग त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ योग करना प्रेरणादायक अनुभव होगा। उन्होंने कहा कि जब देश का नेतृत्व करने वाला व्यक्ति स्वयं योग को बढ़ावा देता है तो लोगों में भी इसे अपनाने की प्रेरणा मिलती है।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखी गई है, जिसके माध्यम से योग के जरिए बेहतर स्वास्थ्य और सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया जा रहा है।