#प्रदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विधानसभा सचिवालय में हुआ योगाभ्यास, अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

Advertisement Carousel

रायपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय परिसर में रविवार सुबह अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 8 बजे से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सचिवालय कर्मियों ने भाग लिया।

योग सत्र का संचालन छत्तीसगढ़ योग आयोग के योग गुरु लच्छू राम निषाद एवं उनकी टीम ने किया। इस दौरान प्रतिभागियों को सामान्य योग, प्राणायाम और विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया तथा नियमित योग के लाभों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संदेश देते हुए कहा कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, निरोग और ऊर्जावान जीवन जी सकता है।

उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन जीवन-पद्धति है, जो शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाकर जीवन में नई ऊर्जा का संचार करती है। डॉ. सिंह ने सभी से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वयं को स्वस्थ और फिट रखने का संकल्प लिया।