#प्रदेश

बिलासपुर सेंट्रल जेल में फिर कैदी की मौत, बाथरूम में गिरने के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम

Advertisement Carousel

 

० उम्रकैद की सजा काट रहा था जनकराम साहू, लगातार हो रही कैदियों की मौत से जेल प्रशासन पर उठे सवाल

बिलासपुर। बिलासपुर केंद्रीय जेल में एक बार फिर कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हाल ही में हुई एक कैदी की मौत के बाद अब हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक अन्य बंदी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद जेल की व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, तखतपुर निवासी जनकराम साहू केंद्रीय जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि तड़के वह वॉशरूम जाने के लिए उठा, जहां फिसलकर गिर गया। किसी तरह उठकर वह वापस अपनी बैरक पहुंचा, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

जेल प्रशासन ने उसे तत्काल ई-3 बैरक से जेल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

लगातार सामने आ रही कैदियों की मौत की घटनाओं ने जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।