#प्रदेश

यूपी में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश: बिजली के तार से टकराकर हाईवे किनारे गिरा विमान, महिला पायलट गंभीर घायल

Advertisement Carousel

 

० अलीगढ़ से प्रशिक्षण उड़ान पर था चेतक एविएशन का विमान, तकनीकी खराबी के बाद कासगंज में हुआ हादसा

 

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार शाम एक बड़ा विमान हादसा हो गया। अलीगढ़ के धनीपुर एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला चेतक एविएशन का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट तकनीकी खराबी के चलते बिजली के तार से टकराकर पुलिस लाइन के पीछे बरेली-मथुरा हाईवे के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान उड़ा रही 27 वर्षीय महिला प्रशिक्षु पायलट कायनात खान गंभीर रूप से घायल हो गईं।

जानकारी के अनुसार, एयरक्राफ्ट ने तकनीकी समस्या आने के बाद हवा में एक-दो चक्कर लगाए, लेकिन कुछ ही देर बाद नियंत्रण खो बैठा और बिजली के तारों से टकराने के बाद हाईवे किनारे जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल पायलट को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान चेतक एविएशन का था और प्रशिक्षण उड़ान के लिए अलीगढ़ से रवाना हुआ था। हादसे के बाद कंपनी की तकनीकी टीम भी मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

एक माह पहले भी हुआ था ऐसा हादसा

गौरतलब है कि 24 मई को भी अलीगढ़ के धनीपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला पायनियर फ्लाइंग एकेडमी का एक प्रशिक्षु विमान तकनीकी खराबी के चलते खेत में इमरजेंसी लैंडिंग करने को मजबूर हुआ था। उस घटना में प्रशिक्षक और ट्रेनी पायलट सुरक्षित बच गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने प्रशिक्षण विमानों की तकनीकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।