इंद्रावती टाइगर रिजर्व में दो बाघों का शिकार! कोर एरिया तक कैसे पहुंचे शिकारी, सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल

० महाराष्ट्र से जुड़े संदिग्ध हिरासत में, खाल बरामद होने की चर्चा; वन विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच जारी
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के इंद्रावती टाइगर रिजर्व (आईटीआर) से दो बाघों के शिकार की सनसनीखेज घटना सामने आने के बाद वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था कठघरे में आ गई है। रिजर्व के पासेवाड़ा कोर एरिया में हुई इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जिस इलाके में बिना अनुमति प्रवेश तक मुश्किल माना जाता है, वहां शिकारी आखिर कैसे पहुंच गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
यह पहली बार नहीं है जब इंद्रावती टाइगर रिजर्व की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे हों। इससे पहले भी वन्यजीवों के शिकार, वन्यजीव अंगों की तस्करी और जंगलों में अवैध गतिविधियों को लेकर कई मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि कई मामलों में जांच हुई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल लगातार बने रहे।
करोड़ों रुपये की संरक्षण परियोजनाओं, कैमरा ट्रैप, आधुनिक निगरानी उपकरणों और नियमित गश्त के बावजूद यदि शिकारी कोर एरिया तक पहुंचकर दो बाघों का शिकार कर देते हैं, तो यह वन संरक्षण तंत्र की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
पांच संदिग्धों से पूछताछ, जांच जारी
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पांच संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। बाघों की खाल बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि वन विभाग ने अब तक पूरे मामले की विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, जिससे पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
अंतरराज्यीय गिरोह की आशंका
स्थानीय स्तर पर यह आशंका भी जताई जा रही है कि इस घटना के पीछे किसी अंतरराज्यीय शिकारी गिरोह का हाथ हो सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
संरक्षण प्रयासों को बड़ा झटका
इंद्रावती टाइगर रिजर्व देश के प्रमुख बाघ अभयारण्यों में शामिल है। यहां बाघों की संख्या बढ़ाने और संरक्षण के लिए वर्षों से करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ऐसे में दो बाघों का शिकार वन्यजीव संरक्षण अभियान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
उपनिदेशक ने क्या कहा?
इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक संदीप बल्गा ने बताया कि वन विभाग, महाराष्ट्र वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में महाराष्ट्र से जुड़े कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।





