नकटी के बाद अब तुता गांव में बुलडोजर की आहट, 35 मकानों पर NRDA का नोटिस, ग्रामीणों में दहशत

रायपुर। राजधानी रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब तुता गांव में अतिक्रमण को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। नवा रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA) ने गांव के 35 मकानों को अतिक्रमण बताते हुए नोटिस जारी किया है। नोटिस चस्पा होने के बाद प्रभावित परिवारों में चिंता और दहशत का माहौल है।
एनआरडीए की ओर से 30 जून को जारी नोटिस में आरोप लगाया गया है कि संबंधित मकान प्राधिकरण की भूमि पर बनाए गए हैं। नोटिस में मकान मालिकों को 6 जुलाई तक अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा तक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में प्राधिकरण एकपक्षीय कार्रवाई करेगा।
इधर, ग्रामीणों ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वे पिछले 25 से 50 वर्षों से इस स्थान पर रह रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी कई पीढ़ियां इसी गांव में पली-बढ़ी हैं और वर्षों से यहां निवास कर रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनके मकान वास्तव में अवैध थे, तो इतने लंबे समय तक प्रशासन और संबंधित विभागों ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। अब अचानक नोटिस जारी होने से परिवारों के सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है।
फिलहाल, ग्रामीण प्रशासन से मामले में पुनर्विचार की मांग कर रहे हैं। वहीं, एनआरडीए की ओर से नोटिस के अनुसार जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




