#प्रदेश

खेत बना मौत का मैदान: करंट की चपेट में आई मां, बचाने दौड़े दो बेटे भी नहीं बचे

Advertisement Carousel

 

तखतपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक खेत में ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। करंट की चपेट में आने से एक मां और उसके दो जवान बेटों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई सिंगरौल अपने खेत की घेराबंदी कर रही थीं। उनके साथ 23 वर्षीय बेटा विवेक और 14 वर्षीय सत्यव्रत भी मौजूद थे। इसी दौरान खेत में अचानक करंट दौड़ गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

शाम को जब मृतका के पति सीताराम सिंगरौल काम से घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। खोजते-खोजते जब वह खेत पहुंचे तो सामने का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खेत में पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह करंट लगना सामने आई है, लेकिन खेत की घेराबंदी के दौरान बिजली का करंट कैसे फैला, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है, जो इस दर्दनाक हादसे की असली वजह तलाशने में जुटी है।