#प्रदेश

छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, PHQ ने तीन अधिकारियों को सौंपे अतिरिक्त प्रभार

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने राज्य पुलिस और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसबल) की विभिन्न इकाइयों में अतिरिक्त प्रभार सौंपने संबंधी आदेश जारी किया है। यह आदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुण देव गौतम के निर्देश पर जारी किया गया है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, गृह (पुलिस) विभाग के 10 जुलाई 2026 के आदेश के तहत आईपीएस श्वेता राजमणी (2012 बैच), राजेश कुकरेजा (2014 बैच) और त्रिलोक बंसल (2016 बैच) का अन्य स्थानों पर तबादला किया गया है। इनके स्थान पर फिलहाल नियमित पदस्थापना नहीं होने के कारण संबंधित पद रिक्त हैं।

इसी स्थिति को देखते हुए शासन द्वारा नियमित नियुक्ति होने तक अधिकारियों को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इन अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार
0 गायत्री सिंह (रापुसे), सेनानी, 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई को प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
0 शंकरलाल बघेल (IPS), उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ सेनानी, सीटीजेडब्ल्यू (CTJW), कांकेर को 5वीं वाहिनी छसबल, जगदलपुर, 15वीं वाहिनी (भा./र.) छसबल, बीजापुर तथा 19वीं वाहिनी (भा./र.) छसबल, करणपुर (जगदलपुर) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
0 आकाश कुमार शुक्ला (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ बघेरा-दुर्ग को पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ बघेरा-दुर्ग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि ये व्यवस्थाएं नियमित पदस्थापना होने तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेंगी, ताकि संबंधित इकाइयों के प्रशासनिक और परिचालन कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।