रायपुर में दिल दहला देने वाली घटना: एक ही परिवार के 5 सदस्य मृत मिले, पिता फंदे पर लटका मिला, पत्नी और 3 बच्चों की संदिग्ध मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से शनिवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। संजय नगर (मदनी चौक) स्थित एक किराए के मकान में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत पाए गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पिता का शव फंदे पर, पत्नी और तीन बच्चों के शव कमरे में मिले
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान साजिद अली (50 वर्ष), उनकी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद अली तथा बेटियों शाहिदा बेगम और इरशाबा परवीन के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में साजिद अली का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और तीनों बच्चों की मौत विषाक्त पदार्थ (जहर) के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
किराए के मकान में रहता था परिवार
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि घटना मदनी चौक, संजय नगर स्थित किराए के मकान की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर को सील कर दिया और एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया।
एफएसएल जांच जारी, सभी पहलुओं की पड़ताल
एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। मामले में मर्ग कायम कर हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या, पारिवारिक विवाद या किसी अन्य कारण सहित सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।





