Close

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम : 25 जुलाई से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि ,उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज अलग ही है। कभी धूप तो कभी बारिश के कारण उमस और गर्मी का माहौल है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो रहा है। बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने जा रहा है, जिसके प्रभाव से 25 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। खासतौर पर 25 से 26 जुलाई के बीच दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।



राजधानी रायपुर में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की संभावना है। तापमान 25 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उमस से राहत तो मिलेगी, लेकिन बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। वहीं कुछ क्षेत्रों में तेज वर्षा भी दर्ज की गई है। पेंड्रा रोडमें सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।

बन रहा ये सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून द्रोणिका जम्मू ,चंडीगढ़ ,सरसावा ,फतेहगढ़ ,वाराणसी ,रांची ,दीघा होते हुए पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण उड़ीसा और उसके आसपास बना है, जो 5.8 किमी ऊंचाई तक सक्रिय है। इसके अलावा एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका रेखा उत्तर मध्य कर्नाटक से दक्षिण आंध्र प्रदेश तक फैली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 जुलाई तक एक निम्न दाब क्षेत्र विकसित हो सकता है।

भारी बारिश का अलर्ट
इन मौसमीय प्रणालियों के कारण प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज चमक के साथ छींटे, और एक-दो स्थानों पर तेज बारिश एवं बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। विशेष रूप से बस्तर संभाग और दक्षिणी जिलों में तेज बारिश के आसार हैं। आम जनता को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

scroll to top