#प्रदेश

CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ के 17 जिलों में ‘एक्सट्रीमली सीवियर अलर्ट’, अगले 3 घंटे भारी बारिश-आंधी और आकाशीय बिजली का खतरा

Advertisement Carousel

 

० 60 से 80 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं, मौसम विभाग ने लोगों से घरों में सुरक्षित रहने की अपील की

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर खतरनाक रुख अपना लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए “Extremely Severe Alert” जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले तीन घंटे के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज आंधी, आकाशीय बिजली और मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। इसे देखते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद, मुंगेली, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा समेत कई जिलों में अगले तीन घंटे के दौरान तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है।

80 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

इसके अलावा धमतरी, बालोद, कोरिया समेत कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर सहित कुछ इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश की संभावना जताई गई है।

लोगों के लिए एडवाइजरी

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थान पर रहने और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई है।